रायपुर प्रेस क्लब में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन, महिला पत्रकारों ने उत्साह से मनाया पर्व

रायपुर प्रेस क्लब में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन, महिला पत्रकारों ने उत्साह से मनाया पर्व


रायपुर प्रेस क्लब में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तीज पर्व की पारंपरिक खुशियों के बीच सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रतियोगिताएं और मनोरंजक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।


रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित तीज महोत्सव में महिला सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की व्यवस्थाओं, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस आयोजन में महिला पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण ‘तीज क्वीन’ और ‘हरियाली क्वीन’ प्रतियोगिताएं रहीं, जिनमें प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अलावा विभिन्न मनोरंजक खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में रंग भर दिए।

प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि तीज महोत्सव महिला पत्रकारों को एक मंच पर लाकर पारंपरिक पर्व की खुशियां साझा करने और आपसी संवाद को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। वहीं राष्ट्रीय विजन की रिपोर्टर खुशबू ठाकरे ने अपना परिचय देते हुए इस आयोजन को यादगार बताते हुए अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी सहभागिता की और महिला पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। तीज महोत्सव के दौरान पूरे परिसर में उत्सव, उमंग और पारंपरिक संस्कृति की छटा देखने को मिली।

https://www.youtube.com/live/3goSYL3TnpA?si=s4piSZEErXiGBVJb

Chhattisgarh