साहित्य सृजन की 50वीं काव्य संध्या में सजेगी शब्दों की महफिल, 50 कवि करेंगे काव्य पाठ

साहित्य सृजन की 50वीं काव्य संध्या में सजेगी शब्दों की महफिल, 50 कवि करेंगे काव्य पाठ

रायपुर। साहित्य, संवेदना और रचनात्मक अभिव्यक्ति के अनूठे संगम के रूप में साहित्य सृजन संस्थान अपनी मासिक काव्य संध्या की 50वीं कड़ी को यादगार बनाने जा रहा है। इस विशेष अवसर पर आयोजित गोल्डन जुबली काव्य संध्या में 50 कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से कविता, संस्कृति और साहित्य की खूबसूरत छटा बिखेरेंगे। कार्यक्रम में साहित्य प्रेमियों को विविध भावों, विचारों और काव्य अभिव्यक्तियों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
यह भव्य आयोजन 11 अक्टूबर 2026, रविवार को दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक वृंदावन हॉल, सिविल लाइंस, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मीडिया रिपोर्टरों एवं पत्रकारों को श्रेष्ठ रिपोर्टिंग सम्मान-2026 तथा कवियों को श्रेष्ठ काव्य पाठ सम्मान प्रदान कर उनकी प्रतिभा और योगदान का सम्मान किया जाएगा।
समारोह में पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. संजय अलंग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भिलाई की वरिष्ठ राष्ट्रीय कवयित्री संतोष झांझी और कोरबा की लोकप्रिय कवयित्री फिरोजा खान उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीर अजीत शर्मा करेंगे।
साहित्य सृजन संस्थान की यह 50वीं काव्य संध्या साहित्य के प्रति समर्पण, रचनात्मकता और निरंतरता का प्रतीक है। कविता के माध्यम से समाज, जीवन और मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने वाले इस आयोजन से साहित्यिक वातावरण को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

Chhattisgarh