सब-जूनियर बालिका वर्ग में बिलासपुर विजेता, कोरबा उपविजेता; सीनियर महिला वर्ग में कोरबा ने जीता खिताब
रायपुर। राजधानी रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ अस्मिता रग्बी स्टेट लीग 2026 का रविवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन सब-जूनियर अंडर-15 बालिका एवं सीनियर महिला वर्ग के मैच खेले गए। मैदान में बिलासपुर और कोरबा की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का लोहा मनवाया।
समापन समारोह में लेफ्टिनेंट डॉ. ओमजी गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. सुनील भोई, क्रीड़ा अधिकारी, विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
सब-जूनियर बालिका वर्ग में बिलासपुर का दबदबा
अंडर-15 बालिका वर्ग के मुकाबलों में बिलासपुर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। बिलासपुर ने बालोद को 15-0, बेमेतरा को 25-0 और कोरबा को 27-0 से हराया। वहीं बेमेतरा ने रायपुर को 5-0, कोरबा ने दुर्ग को 5-0, महासमुंद ने राजनांदगांव को 27-5 और कोरबा ने महासमुंद को 10-7 से पराजित किया। महासमुंद ने बेमेतरा को 30-0 से हराकर अपनी ताकत दिखाई।
सब-जूनियर वर्ग में बिलासपुर विजेता रहा, जबकि कोरबा ने प्रथम उपविजेता और महासमुंद ने द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया।
सीनियर महिला वर्ग में कोरबा की शानदार जीत
सीनियर महिला वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। राजनांदगांव ने दुर्ग को 20-5, बिलासपुर ने बालोद को 29-0, रायपुर ने धमतरी को 32-0 और बिलासपुर ने रायपुर को 26-0 से हराया। कोरबा ने बेमेतरा को 24-5, रायपुर ने बेमेतरा को 10-0 तथा कोरबा ने बिलासपुर को 15-5 से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमाया।
सीनियर महिला वर्ग में कोरबा विजेता टीम बनी। बिलासपुर ने प्रथम उपविजेता और रायपुर ने द्वितीय उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास
छत्तीसगढ़ रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव डॉ. अयाज अहमद खान ने बताया कि अस्मिता रग्बी स्टेट लीग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की महिला एवं बालिका रग्बी खिलाड़ियों को उनके अथक परिश्रम और प्रतिभा के दम पर देशभर में नई पहचान दिलाना है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों में रग्बी के प्रति बढ़ते उत्साह और खेल क्षमता को देखते हुए भविष्य में उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर अवसर दिलाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

