पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे कथित फेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित आपत्तिजनक वीडियो मामले में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है.आयोग ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए कहा कि यह न केवल एक सार्वजनिक व्यक्तित्व की छवि खराब करने का प्रयास है बल्कि महिला गरिमा पर भी सीधा हमला है.
आयोग ने बताया कि प्रतिष्ठित दैनिक में प्रकाशित खबर के आधार पर यह कार्रवाई शुरू की गई.वायरल वीडियो में आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग कर भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आयोग ने साइबर सेल को वीडियो के मूल स्रोत की तकनीकी जांच करने तथा इसे वायरल करने वाले लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं.
साथ ही दुर्ग पुलिस अधीक्षक को तत्काल FIR दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया है. आयोग ने पुलिस और साइबर सेल से सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है. महिला आयोग ने साफ कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चरित्र हनन और महिला सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

