छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एंटी-क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और रतनपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.22 करोड़ रुपये मूल्य का 245 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से मध्य प्रदेश की ओर एक अर्टिगा कार में भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर घेरा डाला.
भेड़ी मुड़ा नवापारा चौक के पास पुलिस को देखकर तस्करों ने भागने की कोशिश की और कार को रॉन्ग साइड पर दौड़ा दिया, जिससे हाईवे पर हड़कंप मच गया.
पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए फिल्मी स्टाइल में पीछा किया और कार को रोक लिया. इस दौरान एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि अमित कुमार केवट नामक तस्कर को पुलिस ने दबोच लिया.
तलाशी लेने पर कार के भीतर काले रंग की कोटिंग वाली खिड़कियों के पीछे छिपाए गए गांजे के कई पैकेट मिले.
आरोपी मध्य प्रदेश के शहडोल का निवासी है और उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि यह खेप वहां खपाने की तैयारी थी. पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी और इस तस्करी नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश तेज कर दी है.

