जहरीली हवा का अलार्म: दिल्ली-NCR दुनिया का सबसे प्रदूषित इलाका बनने की कगार पर

जहरीली हवा का अलार्म: दिल्ली-NCR दुनिया का सबसे प्रदूषित इलाका बनने की कगार पर

दिल्ली-एनसीआर और गंगा-सिंधु के मैदानी इलाके पर वायु प्रदूषण का संकट तेजी से बढ़ रहा है। वायु गुणवत्ता पर नजर रखने वाले अंतरराष्ट्रीय शोध नेटवर्क की संयुक्त रिपोर्ट ने चेतावनी दी है कि यदि अभी कठोर हस्तक्षेप नहीं किए गए, तो अगले 10 वर्षों में यह पूरा क्षेत्र दुनिया का स्थायी “टॉक्सिक एयर ज़ोन” बन सकता है। यह रिपोर्ट डब्ल्यूएचओ, यूएनईपी, हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ, आईआईएएसए और कैलिफोर्निया एयर रिसोर्स बोर्ड के विश्लेषण पर आधारित है।

रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर भारत में सर्दियों के दौरान पीएम2.5 का स्तर सुरक्षित सीमा से 15 से 25 गुना तक पहुंच जाता है, जो वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह संकट अनोखा जरूर है, लेकिन रोका जा सकता है—बशर्ते राजनीतिक इच्छाशक्ति और एकीकृत कार्रवाई हो।


क्यों बिगड़ी स्थिति?

अध्ययन में बताया गया है कि दिल्ली-एनसीआर और उत्तरी भारत की भौगोलिक संरचना प्रदूषण को रोककर रखती है। 7 लाख वर्ग किलोमीटर में फैले इस क्षेत्र में 50 करोड़ से अधिक लोग रहते हैं। सर्दियों में हवा ठंडी और स्थिर हो जाती है, जिससे वाहन, उद्योग और खेतों से निकलने वाले एनओएक्स, एसओ₂, अमोनिया और अन्य रसायन हवा में घुलकर फैलने के बजाय एक जगह जमा हो जाते हैं।


स्वास्थ्य पर भयावह असर

हार्वर्ड के शोध में पाया गया कि क्षेत्र के लोगों के फेफड़ों, रक्त और यहां तक कि गर्भनाल में प्रदूषक कण पाए गए।

प्रदूषण से जुड़ी मौतों में 30% हृदय और स्ट्रोक के कारण

फेफड़ों के कैंसर का खतरा 5-7 गुना बढ़ा

बच्चों में निमोनिया व सांस संबंधी बीमारियां 42% तक बढ़ीं

गर्भवती महिलाओं में समय से पहले डिलीवरी और कम जन्म-वजन के मामलों में बढ़ोतरी

विशेषज्ञों का कहना है—यह मौसमी समस्या नहीं, बल्कि हेल्थ इमरजेंसी है।


कहां से आ रहा है प्रदूषण?

सिर्फ दिल्ली-एनसीआर में 1.25 करोड़ से अधिक वाहन

पूरे गंगा मैदानी क्षेत्र में 3 करोड़ से अधिक सक्रिय वाहन

12,000 से अधिक उद्योग क्लस्टर

खेतों में बायोमास और पराली जलाने से अमोनिया और कणों की मात्रा कई गुना बढ़ जाती है।


क्या रास्ता है?

विशेषज्ञों ने कहा, बीजिंग, लॉस एंजिलिस और लंदन प्रदूषण से बाहर निकले हैं, उत्तर भारत भी निकल सकता है।

एकीकृत क्लीन-एयर सिस्टम लागू हो

वाहन उत्सर्जन और उद्योगों पर ऐतिहासिक सख्ती लागू की जाए

ई-मॉबिलिटी और स्वच्छ ईंधन को अनिवार्य रूप से बढ़ावा दिया जाए

डब्ल्यूएचओ के एयर क्वालिटी टास्क फोर्स के प्रो. जेम्स बेलिंगर ने कहा—

“उत्तर भारत 7 वर्षों में चमत्कार कर सकता है, बस राजनीतिक इच्छाशक्ति चाहिए।”


रिपोर्ट साफ कहती है—अगर कदम आज नहीं उठे, तो आने वाले दशक में दिल्ली-एनसीआर और गंगा का मैदान “दुनिया के सबसे प्रदूषित स्थायी ज़ोन” के रूप में पहचाना जाएगा। यह सिर्फ पर्यावरण की समस्या नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के अस्तित्व का सवाल है।

National