धर्म और जाति से ऊपर दोस्ती का जश्न: रायपुर में ‘आदर्श मित्रता दिवस’ पर होंगे अंतरधार्मिक मित्र सम्मानित

धर्म और जाति से ऊपर दोस्ती का जश्न: रायपुर में ‘आदर्श मित्रता दिवस’ पर होंगे अंतरधार्मिक मित्र सम्मानित

समाज में भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फोरम और सर्व आस्था मंच के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 2 अगस्त 2026 को रायपुर में ‘आदर्श मित्रता दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न धर्मों और समुदायों से जुड़े ऐसे मित्र समूहों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने तीन दशक से अधिक समय तक मित्रता का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

न्यू शांति नगर स्थित विमतारा हॉल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से चयनित 10 आदर्श मित्र समूहों को सम्मानित किया जाएगा। इन मित्रों ने धर्म, जाति और समुदाय की सीमाओं से ऊपर उठकर वर्षों तक विश्वास, प्रेम और इंसानियत का रिश्ता निभाया है।

आयोजन समिति के अनुसार, चयनित मित्र समूहों की जीवन यात्रा, संघर्ष, विश्वास और मित्रता के प्रेरक प्रसंगों को संकलित कर ‘आदर्श मित्रता स्मारिका’ भी प्रकाशित की जाएगी, जिसका विमोचन कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। यह स्मारिका सामाजिक समरसता, पारस्परिक सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रेरणादायी दस्तावेज बनेगी।

समिति ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने परिचय में ऐसे मित्रों की जानकारी उपलब्ध कराएं, जो अलग-अलग धर्म या समुदाय से होने के बावजूद 30 वर्षों या उससे अधिक समय से मित्रता निभा रहे हों। प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण स्वतंत्र चयन समिति द्वारा किया जाएगा।

आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव, विश्वास और भाईचारे को बढ़ावा देने वाला जन-अभियान है। उनका विश्वास है कि ऐसी पहल आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देगी कि सच्ची मित्रता धर्म, जाति, भाषा और समुदाय की सीमाओं से कहीं ऊपर होती है और यही भावना सशक्त भारत की आधारशिला है।

कार्यक्रम के संबंध में मीडिया एवं प्रतिभागियों के लिए संपर्क सूत्र के रूप में कार्यक्रम समन्वयक नज़र हसन हुसैनी, मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फोरम के अध्यक्ष शकील अहमद तथा सर्व आस्था मंच के मनमोहन सिंह सैलानी को नामित किया गया है।

Uncategorized