सिंगापुर दौरे से छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात, ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव और स्किल डेवलपमेंट का एमओयू

सिंगापुर दौरे से छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात, ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव और स्किल डेवलपमेंट का एमओयू

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को निवेश और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। राज्य सरकार ने युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ एमओयू किया है। वहीं एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में ₹350 करोड़ के नए निवेश प्रस्ताव के साथ सिंगापुर यात्रा के दौरान प्राप्त कुल एफडीआई निवेश प्रस्तावों की राशि बढ़कर ₹43,600 करोड़ पहुंच गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात कर निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश और कुशल मानव संसाधन किसी भी राज्य की आर्थिक प्रगति के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं तथा छत्तीसगढ़ के युवाओं को आधुनिक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

सिंगापुर की Valency International Pte Ltd ने छत्तीसगढ़ में ₹350 करोड़ के निवेश से इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग तथा एक्सपोर्ट हब स्थापित करने में रुचि दिखाई है। इस परियोजना में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रोसेसिंग की जाएगी, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने सीईओ राउंडटेबल में 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसके अलावा GFTN के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस के क्षेत्र में प्रशिक्षण देने तथा स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री की यह सिंगापुर यात्रा निवेश, कौशल विकास, तकनीकी सहयोग और वैश्विक साझेदारी के नए अवसरों के साथ संपन्न हुई।

International