रायपुर। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) छत्तीसगढ़ द्वारा 28 और 29 सितंबर 2026 को होटल मैरिएट रायपुर में दो दिवसीय “सीआईआई छत्तीसगढ़ एमएसएमई कॉन्क्लेव 2026” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे।
कॉन्क्लेव का उद्देश्य प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को तकनीकी विकास, नवाचार, सतत औद्योगिक प्रगति और व्यवसायिक अवसरों से जोड़ना है। कार्यक्रम में राज्य सरकार, उद्योग जगत, नीति-निर्माताओं और विशेषज्ञों की भागीदारी रहेगी।
सीआईआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष ने बताया कि एमएसएमई क्षेत्र राज्य की आर्थिक प्रगति का प्रमुख आधार है। यह कॉन्क्लेव उद्योगों को नई तकनीकों, वित्तीय अवसरों और व्यापार विस्तार की संभावनाओं से परिचित कराने का मंच प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान पैरासरामपुरिया सिंटेक्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं सीआईआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष बजरंग गोयल, उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ उद्यमियों को संबोधित करेंगे।
कॉन्क्लेव में एमएसएमई के लिए टोटल प्रोडक्टिव मेंटेनेंस (टीपीएम), काइजन, लीन मैन्युफैक्चरिंग, गुणवत्ता सुधार, डिजिटलीकरण और व्यवसाय विस्तार जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभागियों को विशेषज्ञों से संवाद और नेटवर्किंग का अवसर भी मिलेगा।
सीआईआई ने प्रदेश के उद्योगों, उद्यमियों और स्टार्टअप प्रतिनिधियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार यह कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ में उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने और नए निवेश अवसरों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

