सेवा संकल्प अभियान 2026, ड्रोन टेक्नोलॉजी, कौशल विकास, युवा सशक्तिकरण, उभरती तकनीकें

सेवा संकल्प अभियान 2026, ड्रोन टेक्नोलॉजी, कौशल विकास, युवा सशक्तिकरण, उभरती तकनीकें

सेवा संकल्प अभियान 2026: धमतरी पॉलीटेक्निक में पांच दिवसीय ड्रोन टेक्नोलॉजी बूटकैंप का सफल समापन, विद्यार्थियों को मिला प्रमाण पत्र

सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत भोपाल राव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक धमतरी में पांच दिवसीय ड्रोन टेक्नोलॉजी बूटकैंप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के SwaYaan प्रोजेक्ट और C-DAC हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ड्रोन असेंबली, फ्लाइंग और तकनीकी अनुप्रयोगों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। सफल प्रशिक्षणार्थियों को संयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

विवरण :
भोपाल राव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक धमतरी में 21 से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय ड्रोन टेक्नोलॉजी बूटकैंप का आज सफल समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार के SwaYaan प्रोजेक्ट एवं प्रगत संगणन विकास केन्द्र हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत संपन्न हुआ।
Build Skills – Fly Innovation की अवधारणा पर आधारित इस बूटकैंप में विद्यार्थियों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यापक हैंड्स-ऑन एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने ड्रोन असेंबली, इंटीग्रेशन, सिस्टम की कार्यप्रणाली एवं ड्रोन फ्लाइंग जैसी गतिविधियों में प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया।
विद्यार्थियों को DGCA के नियमों, सुरक्षा एवं नियामक आवश्यकताओं, मिशन आधारित गतिविधियों तथा ड्रोन के विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक उपयोगों से परिचित कराया गया। ड्रोन तकनीक के कृषि, सर्वेक्षण, मैपिंग, निगरानी एवं अन्य क्षेत्रों में उपयोग की संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
C-DAC हैदराबाद के प्रोजेक्ट लीड एम. प्रणय द्वारा विद्यार्थियों को ड्रोन एवं UAS तकनीक की कार्यप्रणाली, तकनीकी घटकों, संचालन एवं इसके व्यावहारिक अनुप्रयोगों के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। पांच दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को MeitY एवं C-DAC द्वारा संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

समापन अवसर पर संस्था के प्राचार्य अमित मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ड्रोन एवं UAS जैसी उभरती हुई तकनीकें विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से उपयोग में आ रही हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को नई तकनीकों को समझने, उनका व्यावहारिक प्रयोग करने तथा भविष्य की रोजगार संभावनाओं के लिए स्वयं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम की योजना, आयोजन एवं समन्वय संस्था के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर जय प्रकाश डनसेना एवं विभागाध्यक्ष इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग हर्षल मोहिते द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में लाज़िम कुर्रे, देवेंद्र कुम्भकार, उत्तर साहू, सुनील वन्दे एवं परमानंद का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Chhattisgarh