गणेश विसर्जन की झांकियों का होगा सम्मान, विजेता समितियों को मिलेंगे ₹51 हजार, ₹31 हजार और ₹21 हजार के पुरस्कार

गणेश विसर्जन की झांकियों का होगा सम्मान, विजेता समितियों को मिलेंगे ₹51 हजार, ₹31 हजार और ₹21 हजार के पुरस्कार

रायपुर गणेश उत्सव के समापन पर निकलने वाली विसर्जन झांकियों और समितियों को इस वर्ष विशेष सम्मान दिया जाएगा। अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से गणेश विसर्जन में शामिल झांकियों एवं समितियों के उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार प्रतियोगिता आयोजित की गई है।
आयोजकों के अनुसार, गणेश विसर्जन के दौरान शहर में निकलने वाली झांकियों का मूल्यांकन ज्यूरी समिति द्वारा किया जाएगा। ज्यूरी सदस्य झांकियों की प्रस्तुति, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप, सजावट, अनुशासन और अन्य निर्धारित मापदंडों के आधार पर विजेताओं का चयन करेंगे।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली समिति को ₹51,000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली समिति को ₹31,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली समिति को ₹21,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा विसर्जन में शामिल अन्य सभी समितियों को सांत्वना पुरस्कार और सम्मान भी दिया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि गणेश उत्सव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। साथ ही गणेश विसर्जन में शामिल समितियों और झांकियों का उत्साह बढ़ाकर सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना भी इसका मुख्य उद्देश्य है।

Uncategorized