21 जिलों के निरीक्षण में खामियां उजागर, राज्य खाद्य आयोग सख्त

21 जिलों के निरीक्षण में खामियां उजागर, राज्य खाद्य आयोग सख्त

– छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के हालिया निरीक्षण में 21 जिलों में संचालित शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में कई खामियां सामने आई हैं।

– नवा रायपुर स्थित आयोग कार्यालय में अध्यक्ष संदीप शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खाद्य महिला एवं बाल विकास स्कूल शिक्षा और आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान उचित मूल्य दुकानों,आंगनबाड़ी केंद्रों, मध्यान्ह भोजन योजना और आश्रम छात्रावासों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। बालक छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता और सामग्री आपूर्ति में सुधार की आवश्यकता बताई गई जबकि कन्या छात्रावासों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर पाई गई। कई जिलों से निरीक्षण रिपोर्ट समय पर नहीं मिलने पर आयोग ने नाराजगी जताते हुए जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

आयोग ने उचित मूल्य दुकानों में अनियमितता पर सख्त कार्रवाई आंगनबाड़ी में पोषण ट्रैकिंग की सटीकता सुनिश्चित करने और छात्रावासों में दैनिक भोजन मैन्यू प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही भोजन की गुणवत्ता पर निगरानी के लिए छात्र को मेस प्रभारी बनाने का सुझाव भी दिया गया।

अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि जहां कमियां मिली हैं वहां शीघ्र सुधार सुनिश्चित किया जाए ताकि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्रभावी रूप से पहुंचे।

Chhattisgarh