महासमुंद पुलिस ने आईपीएल ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक के लेनदेन वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रायपुर और बेमेतरा से मुख्य मास्टरमाइंड एडमिन सहित 6 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 22 मोबाइल फोन और ऑनलाइन सट्टे का पूरा रिकॉर्ड जब्त किया गया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 2 करोड़ 46 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी UNCLEBAT9, UNCLE777, Grand777, PowerExch, WazirExch, Classic7777, GrandExch और God777 जैसे ऑनलाइन पैनलों के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे थे। ये लोग लगातार ठिकाना बदलकर अलग-अलग स्थानों पर छिपकर सट्टे का कारोबार चला रहे थे।
मुख्य एडमिन निशांत नागवानी पैनल ऑपरेट कर आईडी बेचता था, जबकि अन्य आरोपी रकम का वितरण और हिसाब-किताब संभालते थे।
महासमुंद थाना में दर्ज जुआ एक्ट के पुराने प्रकरण की विवेचना, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर इस गिरोह का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट और आईटी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

