एक जमीन, दो दावेदार! पीड़िता जयंती दुर्गा ने लगाई न्याय की गुहार

एक जमीन, दो दावेदार! पीड़िता जयंती दुर्गा ने लगाई न्याय की गुहार

रायपुर के खमतराई क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला एक बार फिर चर्चा में है। नायब तहसीलदार रायपुर द्वारा जारी नोटिस के अनुसार ग्राम खमतराई स्थित खसरा नंबर 247/56 की (1551 वर्गफूट) भूमि को लेकर स्वामित्व और कब्जे का विवाद सामने आया है। आवेदिका उषा वर्मा ने दावा किया है कि उक्त भूमि उनके स्वत्व एवं आधिपत्य की है तथा लगभग 1300 वर्गफुट जमीन पर जयंती दुर्गा द्वारा अनाधिकृत कब्जा किया गया है। इसी आधार पर बेदखली की मांग करते हुए तहसील न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया है।

वहीं दूसरी ओर नोटिस प्राप्त होने के बाद जयंती दुर्गा ने खुद को पीड़ित बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि उनके पास जमीन से संबंधित सभी वैध सरकारी दस्तावेज मौजूद हैं और उन्होंने नियमानुसार मकान का निर्माण कराया है। जयंती दुर्गा का सवाल है कि यदि उनके दस्तावेज वैध हैं तो फिर उसी भूमि पर दूसरा दावा कैसे सामने आया।

इस मामले ने एक बार फिर जमीन की खरीद-बिक्री और दस्तावेजों की सत्यता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि कहीं एक ही जमीन की दो बार रजिस्ट्री या बिक्री तो नहीं हुई। अब सभी की नजरें राजस्व न्यायालय की सुनवाई पर टिकी हैं, जहां दस्तावेजों और रिकॉर्ड के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

फिलहाल तहसील न्यायालय ने संबंधित पक्षों को उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।

Uncategorized