पीवी सिंधु ने रचा इतिहास, जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

पीवी सिंधु ने रचा इतिहास, जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट का ख़िताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है.

वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं.

31 वर्षीय सिंधु ने रविवार को खेले गए महिला एकल फ़ाइनल मुक़ाबले में मेज़बान जापान की स्टार खिलाड़ी अकाने यामागुची को 21-17, 21-17 से हराया. टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेज़ियम में खेला गया यह मुक़ाबला 50 मिनट तक चला.

पीवी सिंधु ने विश्व चैंपियन रह चुकीं यामागुची के ख़िलाफ़ शानदार खेल दिखाया.

इस जीत के साथ उन्होंने अपने करियर का पहला बीडब्ल्यूएफ़ सुपर-750 ख़िताब भी हासिल कर लिया.

सिंधु ने क़रीब चार साल बाद यामागुची को किसी पूरे मुक़ाबले में हराया है. इससे पहले उन्होंने जापानी खिलाड़ी को 2022 थाईलैंड ओपन में मात दी थी.

वहीं, इस साल मलेशिया ओपन में दोनों के बीच हुए मुक़ाबले में यामागुची पहला गेम ख़त्म होने के बाद चोट के कारण हट गई थीं.

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को वोटिंग के ज़रिए बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द इयर 2019 चुना गया था. साल 2019 में पीवी सिंधु (पुसरला वेंकट सिंधु) ने स्विट्ज़रलैंड में बैडमिंटन की विश्व चैंपियनशिप जीती थी. ऐसा करने वाली वो पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी थीं.

Sports