रायपुर। छत्तीसगढ़ में नई श्रम संहिताओं (लेबर कोड) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. महेंद्र कुमार ने गुरुवार को नया रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में वेतन संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य-परिस्थितियां संहिता 2020 के तहत राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचनाओं और उनके अनुपालन की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि नई श्रम संहिताओं को लागू करने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है।
समीक्षा के दौरान श्रमिक कल्याण योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा के विस्तार और श्रम विभाग की डिजिटल पहलों पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि नई व्यवस्था से श्रम प्रशासन अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनेगा, जिससे श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि केंद्र की श्रम संहिताओं के अनुरूप राज्य स्तर पर नियमों के निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इनके लागू होने से प्रदेश के लाखों श्रमिकों और नियोजकों को सरल एवं समयबद्ध लाभ मिल सकेगा।

