उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की सघन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग राज्य का “ग्रोथ इंजन” है और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
समीक्षा बैठक में श्री साव ने अधिकारियों से फील्ड में जाकर कार्यों का निरीक्षण करने, ठेकेदारों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने सितंबर-अक्टूबर तक नए कार्यों के कार्यादेश जारी करने और बारिश के बाद तेजी से काम शुरू करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल, कॉलेज, ऑडिटोरियम, कार्यालय और अन्य भवनों के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों के बिलों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा अनुबंध के अनुसार प्रगति नहीं करने वाले ठेकेदारों पर ब्लैकलिस्ट और अनुबंध समाप्ति जैसी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव मुकेश कुमार बंसल ने 31 अगस्त तक नए कार्यों के प्राक्कलन भेजने और विभिन्न शहरों में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम पूर्ण होने पर संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।

