रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय रविवार शाम राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कथा व्यास देवकीनंदन ठाकुर द्वारा सुनाई जा रही श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया और विधि-विधान से आरती-वंदन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। यह प्रभु श्रीराम का ननिहाल और माता कौशल्या का मायका है, जबकि भगवान श्रीराम ने अपने वनवास का लंबा समय इसी पावन धरती पर बिताया। उन्होंने शिवरीनारायण और राजिम कुंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि ये स्थल राज्य की गौरवशाली धार्मिक परंपरा के प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की आस्था के सम्मान में रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन कर चुके हैं। साथ ही गौधाम योजना, शक्तिपीठों के विकास और धर्म स्वातंत्र्य कानून जैसे कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, सद्भाव और लोककल्याण की भावना को मजबूत करते हैं।

