जनजातीय विकास को मिल रही अभूतपूर्व गति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

जनजातीय विकास को मिल रही अभूतपूर्व गति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में जनजातीय विकास को अभूतपूर्व गति मिली है और राज्य सरकार आदिवासी समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास के जनदर्शन हॉल में आयोजित भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवगठित राज्य बोर्ड आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक उत्थान और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ जनजातीय बहुल राज्य है, जहां अनेक जनजातीय समुदाय अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के साथ निवास करते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है। बस्तर में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और संचार सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। नियद नेल्लानार योजना के तहत 500 से अधिक गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर योजना के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में घर-घर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, जबकि बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वनांचलों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

Chhattisgarh