त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ सोमवार को अगरतला स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। जानकारी के अनुसार, 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी धनखड़ अपने कार्यालय से जुड़े वॉशरूम में अचेत अवस्था में मिले, जिसके बाद उन्हें तत्काल अगरतला सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, मुख्य सचिव जे.के. सिन्हा सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, डीजीपी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
अस्पताल के मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. प्रदीप भौमिक ने बताया कि धनखड़ को अस्पताल लाए जाने के समय उनमें जीवन के कोई संकेत नहीं थे। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हालांकि, इस घटना को लेकर विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं, लेकिन त्रिपुरा सरकार और पुलिस मुख्यालय ने अभी तक मौत के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
अनुराग धनखड़ ने 17 मई 2025 को त्रिपुरा के डीजीपी का पद संभाला था। इससे पहले वे इंटेलिजेंस विंग, सीबीआई और संयुक्त राष्ट्र मिशन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके थे।

