– कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सेंट्रल जोन पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार, 13 अप्रैल 2026 को थाना गंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की.
– अभियान के दौरान एक ही दिन में 7 स्थाई और 12 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 19 वारंट तामील किए गए. इनमें वर्ष 2018 और 2019 के लंबे समय से लंबित मामले भी शामिल थे, जिनमें कार्रवाई कर पुलिस ने न्यायालयीन आदेशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया.
पुलिस ने विभिन्न मामलों में फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया वहीं जेल में निरुद्ध आरोपियों के वारंट भी तामील कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की गई. जिन मामलों में वारंट निरस्त हो चुके थे या संबंधित व्यक्तियों का निधन हो चुका था. उनका भी विधिसम्मत निराकरण किया गया.
इसी दौरान थाना कोतवाली पुलिस ने गांधी मैदान क्षेत्र में उपद्रव कर शांति भंग करने वाले 4 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की. सभी को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल भेज दिया गया.
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ त्वरित और कठोर कदम उठाए जा रहे है.

